पंजाब के लुधियाना स्थित जगरांव के नजदीकी गांव सिंधवा खुर्द के छप्पड़( जानवरों को पानी पिलाने और नहलाने की जगह) से हैंड ग्रेनेड एवं एके-47 मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को छप्पर की सफाई के दौरान फिर जिंदा हैंड ग्रेनेड एवं एके -47 के कारतूस मिलने से मौके पर दहशत का माहौल बन गया।
अब तक पुलिस को छप्पड़ से 11 हैंड ग्रेनेड एवं 115 कारतूस मिल चुके हैं। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और खोजी कुत्तों एवं बम निरोधक दस्तों को बुला कर छप्पड़ की खुदाई शुरू कराई, तो तीन बार छप्पड़ में से अलग अलग जगहों से हथियारों का जखीरा मिला।
मौके पर पुलिस टीम ने कड़ी सुरक्षा में हैंड ग्रेनेड को नष्ट किया। इससे पहले चार जून को भी सिंधवा खुर्द के छप्पर से सफाई के दौरान हैंड ग्रेनेड एवं एके-47 के कारतूस बरामद हुए थे। मंगलवार को फिर सफाई के दौरान मुलाजिम को एक लिफाफा मिला। इसे खोलने पर उसमें ग्रेनेड एवं कारतूस थे।