मोहाली के गांव मलोया में डेढ़ साल की बच्ची की बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। हालांकि, परिजन बच्ची को तुरंत सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान तिशा के रूप में हुई है। वह अपने पेरेंट्स की इकलौती थी। बच्ची के परिवार वाले सेक्टर-49 में रहते हैं।
बच्ची के मामा संदीप ने बताया कि उसकी मां नीतू उसे लेकर उनके घर आई हुई थी। बुधवार सुबह उसकी बहन सीमा खाना बना रही थी। इस दौरान तिशा बाहर खेल रही थी। वह बाथरूम में बाल्टी में झांकने लगी। इसी बीच वह अचानक बाल्टी में गिरकर डूब गई।
जब बच्ची काफी समय तक उन्हें नहीं दिखाई दी, तो उसकी मां उसे तलाशते हुए बाथरूम में गई। उन्होंने बच्ची को बाल्टी से निकालकर तुरंत सिविल अस्पताल ले गई। अस्पताल में बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी। मोहाली पुलिस ने इस संबंध में चंडीगढ़ पुलिस को सूचित कर दिया है।