फोन कर दोस्ती करने का दबाव बनाने वाले युवकों को छात्राओं ने सबक सिखाया। छात्रा ने सहेलियों के साथ मिलकर पहले तो मनचलों को भरोसे में लिया।
इसके बाद बुधवार को पावर हाउस स्थित एक रेस्टोरेंट में बुला लिया। यहां आते ही छात्राएं मनचलों की टूट पड़ीं। दो युवक तो फरार हो गए लेकिन रूड़की के दो युवक पकड़ में आ गए।
दोनों की खूब धुनाई की गई। इसके बाद सभी छात्राएं छात्र एकता मंच के नेतृत्व में महिला थाना पहुंच गईं। यहां पकड़े गए दोनों मनचलों से अन्य दो साथियों के बारे में पूछताछ की गई।
दरअसल, फरमाणा निवासी एक छात्रा एमडीयू में दूरस्थ शिक्षा से बीए कर रही है। इसके साथ ही वह पावर हाउस स्थित एक कोचिंग सेंटर में अंग्रेजी की कोचिंग ले रही है। छात्रा के अनुसार एक युवक करीब पांच दिनों से उसके मोबाइल पर फोन कर दोस्ती करने का दबाव बना रहा था। जब छात्रा ने फोन उठाना बंद कर दिया तो आरोपी ने उसे संदेश भेजने शुरू कर दिए। आरोप है कि मंगलवार को युवक ने उसके पास अलग-अलग नंबरों से कई फोन किए।
युवक की हरकतों से तंग आकर छात्रा ने छात्र एकता मंच की छात्राओं के सहयोग से युवक को भरोसे में लेकर पावर हाउस स्थित एक रेस्टोरेंट में बुला लिया। यहां चार युवक पहुंचे। दो युवक रेस्टोरेंट के बाहर खड़े रहे और दो भीतर आ गए। अंदर आए युवकों में से एक ने बाहर खड़े युवक से दोस्ती करने की बात कही।
इस पर छात्राएं युवकों से भिड़ गईं और उनकी पिटाई कर दी। हालांकि बाहर खड़े युवक फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और रूड़की गांव के दोनों युवकों को पकड़ लिया।
प्यार से बात कर...
मनचले ने छात्रा को लिखे मैसेज में कहा कि-प्यार से बात कर, मैं तेरे बारे में सब जानता हूं। तू कुछ भी न करा पाएगी, मर जाएगी। इसके अलावा भी युवक ने छात्रा को कई मैसेज किए।