एमडीयू के फार्मेसी तृतीय वर्ष के छात्र ने नहर में कूदकर जान दे दी। छात्र के पास तीन दिन पहले प्रेमिका के पिता का फोन आया था। फोन पर छात्र को उसका जनाजा उठाने की धमकी दी थी। इसके बाद से वह लापता था। रविवार को छात्र का शव खरावड़ के पास नहर से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सोहना के वार्ड नंबर पांच की शिव कालोनी निवासी कमल कुमार ने पीजीआई थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि मेरा भाई हेम सागर एमडीयू में फार्मेसी तृतीय वर्ष का छात्र है।
8 जून को हेम सागर ने अपने मोबाइल से काल कर पिता पूर्ण चंद से कहा कि मै कल घर पर आ जाऊंगा। मगर वह नहीं आया। हेम सागर के साथ पढ़ने वाले एक छात्र ने काल कर बताया कि कल रात से हेम हास्टल नंबर एक से लापता है। तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं लग पा रहा है। सूचना पाते ही पिता व परिजन एमडीयू के हास्टल में पहुंचे थे। जहां से हेम का मोबाइल बरामद किया गया था। मोबाइल चैक किया तो उसमे विनीशा नाम की लडकी व उसके पिता की रिकार्डिँग थी। वीनीशा के पिता ने धमकी दी हुई थी कि तुझे रातभर में एमडीयू से उठवा दूंगा। तेरा जनाजा निकाल दिया जाएगा।
यह बातें लडकी के फोन से कहीं गई थी। इसके अलावा एक दूसरी रिकार्डिंग भी मिली। जिसमें हेम ने कहा था कि वीनिशा व उसके पिता के कारण मै आत्महत्या करने का जा रहा हूं। मामले की गुमशुदगी पीजीआई थाने पर दर्ज कराई गई थी। रविवार को पीजीआई पुलिस को सूचना मिली कि खरावड़ नहर मे ंएक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना पाते ही पीजीआई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त छात्र हेम सागर के रुप में की गई। शव को पास्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हेम के भाई कमल ने कहा कि अपहरण करने के बाद हेम की लड़की के परिजनों ने हत्या की है। आरोपियों के खलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कराया जाएगा।
खरावड़ नहर से छात्र का शव बरामद किया गया है। छात्र द्वारा आत्महत्या की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
- देविंद्र एसएचओ, पीजीआईएमएस,
कई दिन से परेशान था हेम
हेम के एक दोस्त ने बताया कि लड़की के कारण पिछले कई दिन से हेम परेशान था। वह साथियों से सही ढंग से बात भी नहीं कर पा रहा था। हालांकि हेम ने किसी को भी मामले की जानकारी नहीं दी थी।
परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
हेम का शव मिलने के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। मोहल्ले के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वनां देने में लगे है। मां राकेश देवी बार बार बेहोश हो रही थी।
आडियो रिकार्डिंग भी पुलिस को सौंपी
परिजनों ने लड़की व उसके पिता द्वारा हेम को फोन पर दी गई धमकी की आडियो रिकार्डिंग भी पुलिस को सौंप दी है। पुलिस आडियो रिकार्डिंग की जांच में जुट गई है।