बहन को छेड़ने वाले पुलिस वाले के बेटे की युवती ने जमकर धुनाई की, फिर पुलिस में शिकायत दे दी। मामला अंबाला के मुलाना का है। मुलाना के खालासा लबाणा गर्ल्स कॉलेज में दो सगी बहनें पढ़ती हैं। दोनों बहनें बुधवार को कॉलेज में आ रही थी। जैसे ही वे कॉलेज के गेट के सामने पहुंचीं तो उसी समय बाइक पर दो युवक आए।
इनमें से एक युवक ने युवती को अपनी बाइक पर बैठने के लिए कहा। युवती ने मना कर दिया। फिर उसने जबरदस्ती युवती को बाइक पर बिठाने की कोशिश की। इसी पर बहस हो गई और देखते ही देखते युवक ने युवती को थप्पड़ मार दिया। यह देख युवती दहशत में आ गई, जबकि आसपास के लोग भी हैरान रह गए। मगर उसकी बहन ने हिम्मत दिखाई।
छात्रा की बहन के तेवर तीखे हो गए और उसने युवक को कई थप्पड़ जड़ डाले। इतना ही नहीं युवक पर उसने बैग भी दे मारा। इसी दौरान कॉलेज के गेटकीपर ने युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह फरार हो गया।
पुलिसकर्मी का बेटा आरोपी
दोनों छात्राओं ने पहले इस बारे में प्रिंसिपल को बताया, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। परिजनों का कहना है कि जिस युवक ने युवती को थप्पड़ मारा वह पुलिसकर्मी का बेटा है। पुलिसकर्मी यमुनानगर में तैनात है।
‘लड़कियां होनहार है, जबकि घटना निंदनीय है। कॉलेज में पूरे सलीके से व लड़कियों को अपनी बेटियों के समान रखा जाता है। इस संबंध में ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।’
-प्रवीण शर्मा, प्रिंसिपल लबाणा गर्ल्स कॉलेज
‘लड़की को थप्पड़ मारने की घटना की शिकायत मिली है। इस घटना को लेकर पुलिस पूरी तरह सजग है और आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।’
- अनिल कुमार, एसीपी, बराड़ा