पंजाब के फरीदकोट में ज्यादा ब्याज देने का लालच देकर एक चिट फंड कंपनी सैकड़ों लोगों के करीब सवा करोड़ रुपये लेकर रफूचक्कर हो गई। पीड़ित निवेशकों ने कई दिन भटकने के बाद एसएसपी को लिखित शिकायत देकर कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली पुलिस ने कंपनी के संबंधित एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी व साजिश का केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को सौंपी शिकायत में मोहल्ला डोडा निवासी हरदेव सिंह ने बताया कि फिरोजपुर के गांव सैदू शाह निवासी परमिंदर सिंह ने अपने दो साथियों फिरोजपुर की टैंका वाली बस्ती निवासी संजीव कुमार बहल और गांव कोहारवाला निवासी मलकीत कौर के साथ मिलकर बाबा फरीद कांप्लेक्स में एक कंपनी खोली थी। उन्होंने लोगों को बैंकों से अधिक ब्याज देने का झांसा देकर खाते खोलने शुरू किए जिसमें कई लोगों ने एफडी के रूप में निवेश किया और कई लोग मासिक किश्त के हिसाब कंपनी के पास पैसा जमा करवाने लगे।
शिकायत के अनुसार कंपनी के पास छोटा मोटा कारोबार करने वाले लोगों के अलावा कई बड़े कारोबारियों ने भी निवेश किया, लेकिन दिसंबर 2015 से कंपनी ने ग्राहकों को भुगतान देना बंद कर दिया और दफ्तर को ताला लगाकर फरार हो गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी शहर के सैकड़ों लोगों के करीब सवा करोड़ रूपये लेकर फरार हुए है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर परमिंदर सिंह, संजीव कुमार बहल, मलकीत कौर के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर गुरशेर सिंह बराड़ ने बताया कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।