अखबारों में नौकरी दिलाने का विज्ञापन देकर ठगी
- फोटो : Demo Pic
साइबर सेल ने अखबारों में नौकरी दिलाने का विज्ञापन देकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर रविवार देर रात एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया। मंगलवार को तीनों को पुलिस ने जिला अदालत में पेश किया, कोर्ट ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
साइबर सेल के इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह शेखों ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान लुधियाना की खांसी कलां गांव स्थित चावला कॉलोनी निवासी परवीन कुमार, लुधियाना के संधु नगर निवासी अमित शर्मा और मोहाली के गांव भागोमाजरा निवासी सोनू उर्फ सोनिया के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों से पांच मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और दो एटीएम बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी बीते चार साल से अखबारों में नौकरी दिलाने के नाम पर विज्ञापन देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है। पुलिस का कहना है कि जब इनकी गिरफ्तारी की खबरें अखबारों के माध्यम से लोगों तक पहुंचेगी तो उम्मीद है कि कई और पीड़ित शिकायत लेकर सामने आएंगे।
तीनों से पांच मोबाइल, दो एटीएम और चार सिम कार्ड बरामद
- फोटो : Demo Pic
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने जिस मोबाइल नंबर से मोहाली के सुरेश को फोन किए थे, उन्हीं नंबरों की जांच कर आरोपियों तक पहुंची। आरोपियों ने सिम फर्जी नामों व पते पर खरीदे थे। साथ ही कई बैंकों में इनके फर्जी खाते भी थे। इन खातों में आरोपी लोगों से पैसे जमा करवाते थे।
पुलिस को 22 सितंबर को मोहाली निवासी सुरेश कुमार ने 45 हजार रुपये ठगी करने की शिकायत सेक्टर-39 पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई थी। शिकायत में सुरेश ने बताया कि करीब एक महीने पहले उसे अमित शर्मा ने फोन कर सेक्टर-35 स्थित जेडब्ल्यू मैरियट होटल में विदेशी युवतियों का मेकअप करने का काम दिलाने की बात कही थी। अमित ने होटल में काम दिलाने से पहले उसे 30 हजार रुपये अपने अकाउंट में जमा करवाने को कहा।
सुरेश ने होटल में काम मिलने की बात पर जून में करीब 45 हजार रुपये उनके बताए खातों में जमा करवा दिए थे, लेकिन उसके बाद से सुरेश को न तो होटल में नौकरी मिली और न ही उसके पैसे वापस मिले। पुलिस ने मंगलवार दोपहर तीनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया, कोर्ट ने सभी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।