चंडीगढ़ में हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट के पास उस वक्त हंगामा शुरू हो गया, जब चार दिन के भीतर इलाके से दो लड़के और दो लड़कियों के अचानक लापता होने की खबर फैली। लापता हुए सभी बच्चों की उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच है। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही से बच्चे लापता हो रहे हैं। बच्चों के लापता होने पर शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट के पास अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर चक्का जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही सेक्टर-31 थाना प्रभारी गुरजीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और जल्द से जल्द बच्चों को तलाश कर परिजनों के हवाले करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों ने करीब आधे घंटे बाद जाम खोला। वहीं देर शाम पुलिस ने दोनों लड़कियों को अंबाला से ट्रेस कर लिया है जबकि लड़कों का अब तक सुराग नहीं लग सका है। बता दें कि सभी बच्चे अलग-अलग दिनों में गायब हुए हैं। बीते 18 दिसंबर को लापता हुए बच्चे विवेक कुमार के पिता धर्मेंद्र ने बताया कि वह हल्लोमाजरा में रहते हैं। उनका बेटा विवेक और उसका दोस्त राहुल कुमार दोनों नौंवीं कक्षा के छात्र हैं और हल्लोमाजरा स्थित गर्वनमेंट मॉडल स्कूल में पढ़ुते हैं।
बीती मंगलवार शाम करीब 5.15 बजे दोनों ट्यूशन पढ़ने गए थे लेकिन वापस नहीं लौटे। देर रात तक दोनों की काफी तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने सिर्फ गुमशुदगी दर्ज करने की खानापूर्ति कर ली है। कार्रवाई के नाम पर अब तक कुछ नहीं किया है। वहीं, हल्लोमाजरा से ही बीते शुक्रवार शाम को दो लड़कियां गायब हो गईं। दोनों लड़कियां आपस में सहेलियां बताई जा रही हैं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने इनकी भी गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। उधर, पुलिस का कहना है कि दोनों लड़कियां अंबाला से बरामद कर ली गई हैं जबकि लड़कों की तलाश जारी है।