फेज-11 की मार्केट में सोमवार देर रात पैसे के लेन देन को लेकर तीन युवकों ने एक दुकानदार पर रिवाल्वर तानकर दो फायर कर दिए।
दुकानदार ने नीचे झुक कर अपनी जान बचाई। घटना के बाद युवक फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए तीनों युवकों को काबू कर हमले में प्रयोग किया गया रिवाल्वर भी बरामद कर लिया।
वारदात सोमवार रात साढ़े दस बजे के करीब की है। जब फेज-11 स्थित बूथ नंबर 180 में विपिन बजाज से पैसे के लेनदेन को लेकर बातचीत करने तीन युवक पहुंचे।
इनमें दविंदर कुमार, तेजिंदर सिंह, व हरदीप सिंह शामिल थे। बातचीत के दौरान हरदीप सिंह ने रिवाल्वर निकाली और विपिन की कनपटी पर लगाकर फायर कर दिया।
विपिन ने नीचे झुककर अपनी जान बचाई। इसी बीच गोली की आवाज सुन लोग इकट्ठे हो गए और तीनों युवक मौके से फरार हो गए। विपिन बजाज ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। जिसके बाद तीनों युवकों को काबू कर लिया गया।