पंजाब की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली नाभा जेल से हथियारबंद बदमाशों ने रविवार सुबह ताबड़तोड़ गोलीबारी करते हुए खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (केएलएफ) के प्रमुख हरमिंदर सिंह उर्फ मिंटू समेत छह कैदियों को छुड़ा लिया था। सभी बदमाश पुलिस वर्दी में आए थे और उन्होंने एक साथी को हथकड़ी भी लगा रखी थी। कैदियों को निकालने के लिए उन्होंने करीब 100 राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि कैदियों को भगाने में मदद करने वाले एक अपराधी को हरियाणा से यूपी के कैराना में घुसते ही दबोच लिया गया। वहीं सोमवार को दिल्ली पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। खालिस्तानी आतंकी हरमिंदर सिंह मिंटू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस घटना के बाद ही पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने नाभा जेल के अधीक्षक और उप अधीक्षक को बर्खास्त कर दिया। एडीजीपी जेल एमके तिवारी को निलंबित कर रोहित चौधरी को यह जिम्मेदारी दी गई।
पंजाब के डीजीपी सुरेश अरोड़ा ने बताया कि चार गाड़ियों में पुलिस की वर्दी में आए दस हथियारबंद अपराधी केएलएफ चीफ मिंटू, कश्मीर सिंह, गुरप्रीत सिंह सेखों, हरजिंदर सिंह उर्फ विकी गौंडर, अमनदीप सिंह ढोडियां और कुलप्रीत सिंह नीटू को भगा ले गए। मिंटू और कश्मीर सिंह आतंकी हैं और बाकी सभी खतरनाक गैंगस्टर। हथियारबंद फार्च्यूनर और वेरना गाड़ियों में आए थे।
उधर, मेरठ जोन के आईजी अजय आनंद ने बताया कि वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति फार्च्यूनर से कूदकर भागने लगा। पुलिस वालों ने दौड़कर उसका पीछा किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसका नाम पलविंदर उर्फ पिंदा है। गाड़ी से एसएलआर और बंदूक सहित कई अवैध हथियार रखे मिले। पूछताछ में पिंदा ने अपने दो भाई और दो साथियों के साथ जेलब्रेक में मदद करने की बात स्वीकार कर ली है।
पूछताछ में पलविंदर ने बताया कि वह जालंधर का रहने वाला है। उसने वर्ष 2013 में जालंधर में एक सब इंस्पेक्टर की हत्या कर दी थी। इस मामले मे वह नाभा जेल में बंद था। लगभग दो महीने पहले पलविंदर बीमारी का बहाना बनाकर अस्पताल में दाखिल हुआ और वहीं से फरार हो गया। फरार होने के बाद से वह देहरादून रह रहा था। जिस समय पलविंदर को पकड़ा गया, वह पूरी तरह नशे में था। उसने भारी मात्रा में ड्रग्स ली हुई थी। पूछताछ में पलविंदर ने बताया कि मिंटू को छुड़ाने के लिए पुख्ता प्लानिंग की हुई थी।
Khalistani terrorist Harminder Singh Mintoo who had escaped from Nabha jail yesterday has been arrested by Delhi Police #punjabjailbreak
— ANI (@ANI_news) November 28, 2016