आरोपियों के बारे जानकारी देते पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पेस्ट के रूप में सोने की तस्करी कर एयरपोर्ट से बाहर लाने वाले यात्री को लूटने वाले पांच आरोपियों को सीआईए-2 की टीम ने गिरफ्तार किया है। लूटकांड और लूटे हुए सोने को बेचने की साजिश में सीआईए गुरदासपुर में तैनात एक एएसआई भी शामिल है। इसके साथ ही एक महिला को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने आधा सोना गुरदासपुर में बेच दिया और बाकी बेचने आ रहे थे। आरोपियों से 49 लाख रुपये कीमत का 825 ग्राम सोने का पेस्ट, पहले बेचे गए सोने के करीब आठ लाख रुपये, दो मोबाइल फोन के साथ एक यात्री का पासपोर्ट मिला।
पुलिस ने सीआईए स्टाफ गुरदासपुर के मुलाजिम एएसआई कमल किशोर, गुरदासपुर के गांव रणिया की रहने वाली नेहा, गांव कल्याणपुर निवासी हरजिंदर सिंह उर्फ बब्बा, गुरदासपुर निवासी सतनाम सिंह उर्फ सोढी, गुरदासपुर की तिबड़ी रोड स्थित गांव घुराला के मोहल्ला देव नगर निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ बब्बू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस इससे पहले आजाद कुमार और आशु कुमार को गिरफ्तार कर उनसे सोने का एक किलो 230 ग्राम पेस्ट बरामद कर चुकी है। पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की तस्करी करने का किंगपिन पुनीत है, जोकि इस समय दुबई में ही है। वह यात्रियों को कुछ पैसे का लालच देकर अमृतसर या फिर मोहाली एयरपोर्ट पर उसके साथी को सोना सौंपने की बात करता था। इसके बाद यात्री की पूरी डिटेल आजाद और आशु को भेजी जाती थी।
आरोपी आजाद और आशु पैसे देकर पेस्ट ले लेते थे और आगे बेच देते थे। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपियों ने साजिश रची और नेहा को पैसेंजर के बारे में पता था। उसने आरोपियों के साथ मिलकर यात्री से सोना लूटा फरार हो गई।