पिंजौर के शिव कॉलोनी निवासी स्कूल शिक्षक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। चंद घंटों बाद उसकी पत्नी ने भी पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास पोल से फंदा लगाकर सुसाइड कर ली।
स्कूल टीचर की पहचान प्रवीण सैनी (40) के रूप में हुई। वह पिंजौर क्षेत्र के बसोला में टीचर थे। वहीं, उसकी पत्नी की पहचान आशु सैनी (35) के रूप में हुई है।
आशु चंडीगढ़ स्थित डीपीआई में सीनियर असिस्टेंट (स्टेनो) के पद पर कार्यरत थीं। जानकारी के अनुसार, पारिवारिक कलह के कारण पति-पत्नी ने यह कदम उठाया है।
जानकारी के अनुसार, प्रवीण सैनी रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे बड़ी बेटी रिद्धि को स्कूल छोड़कर घर आए। इसके बाद वह स्कूल जाने के लिए तैयार होने लगे। उनकी पत्नी आशु नाश्ता तैयार करने लगीं।
प्रवीण के पिता अमीलाल दूसरे कमरे में अपना काम कर रहे थे। इस दौरान प्रवीण के पिता ने किसी काम से आवाज लगाई। जब प्रवीण ने कोई जवाब नहीं आया तो वह उनके कमरे की ओर गए।
बहन और जीजा की मौत की सूचना मिली एक साथ
पुलिस
- फोटो : प्रतीकात्मक चित्र
इस दौरान उन्होंने देखा कि प्रवीण पंखे से लटका है। पिता अमीलाल ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रवीण को फंदे से उतारकर पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित जनरल अस्पताल में पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया।
प्रवीण की मौत की जानकारी होते ही आशु अस्पताल में ही बेसुध हो गईं। जब प्रवीण के परिजन पोस्टमार्टम के लिए शव अस्पताल की मोर्चरी में ले जाने लगे तो आशु अस्पताल से कहीं चली गईं।
कुछ घंटों के बाद प्रवीण के घरवालों को सूचना मिली की आशु ने भी ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पीछे एक पोल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना की सूचना पर सेक्टर-5 थाने के एसएचओ ललित कुमार और सीएफएल की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने आशु के शव को जनरल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। दोनों ही जगह से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। बता दें कि प्रवीण के पिता अमीलाल हरियाणा सेक्रेटेरियट से रिटायर्ड हैं।
बहन और जीजा की मौत की सूचना मिली एक साथ
आशु की बहन वंदना सैनी ने बताया कि उन्हें पुलिस ने घटना की सूचना दी। जबकि वंदना ने कहा कि उनके पूरे परिवार को यह भी सूचना नहीं मिली थी कि उनकी बहन के पति ने मंगलवार सुबह घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
इंटरकास्ट लव मैरिज थी, दो बेटी और एक बेटा है
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार प्रवीण और आशु की इंटरकास्ट लव मैरिज थी। प्रवीण और आशु की शादी को सात साल हो चुके हैं। दोनों की दो बेटी व एक बेटा है। बड़ी बेटी रिद्धि (6) और सिद्धि (4) है। बेटा अभी 9 माह का है। परिजनों ने बताया आशु डीपीआई चंडीगढ़ में सीनियर असिस्टेंट (स्टेनो) के पद पर कार्यरत थीं। वह पिछले 6 महीने से चाइल्ड केयर लीव पर थीं।