दिल्ली कैंट इलाके में सोमवार रात मायापुरी से बारात लेकर लाजपत नगर जा रही एक वॉल्वो बस को ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस पलट गयी। हादसे में बस में सवार 19 बाराती जख्मी हो गयी। जिसमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन
घायलों को एम्स व गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां से ज्यादातर को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गयी है। घटना के बाद ट्रक व बस का चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार लाजपत नगर में रहने वाले कारोबारी मनीष गुप्ता की सोमवार रात शादी थी। शादी समारोह मायापुरी स्थित ग्रीन लाउंज में था। बारात लाजपत नगर से मायापुरी आयी थी। शादी होने के बाद बारात में गये लोग वॉल्वो बस में सवार होकर वापस लाजपत नगर जा रहे थे।
बस में ज्यादातर महिलाएं व बच्चे थे। करीब पौने दो बजे करिअप्पा मार्ग और थियम्मा मार्ग पर बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गयी। टक्कर लगते ही बस पलट गयी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बस से घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में घायल हुए 19 लोगों को इलाज के लिए एम्स व गंगाराम अस्पताल में दाखिल करवाया। घटना के बाद बस और ट्रक का चालक मौके से फरार हो गये। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि बस में 30 से ज्यादा लोग सवार थे।
हादसे में मनीष गुप्ता की मां लक्ष्मी देवी और बुआ लक्ष्मी भी घायल हुई हैं। वहीं 30 वर्षीय उपासना और नौ महीने के मोक्ष को भी चोट लगी है। पुलिस का कहना है कि मनीष की बुआ मीना, फूफा राधेश्याम और पड़ोसी साजिद का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बस और ट्रक को जब्त कर चालकों की तलाश कर रही है।