ललित की छाती व पेट में चार गोलियां तथा दीपक के पैर व पेट में गोलियां जा लगी, जिससे वह वहीं गिर गए। अशोक के पैर में भी गोली लग गई। गोली मारने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घायलों में से अशोक को ट्रामा सेंटर तथा दीपक व ललित को निजी अस्पताल में ले जाया गया। निजी अस्पताल से दोनों को गुरुग्राम के लिए रेफर कर दिया गया।
समारोह में मचा हड़कंप
तीन युवकों को गोली मारने की वारदात के बाद लग्न समारोह में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद सदर थाना एसएचओ रविंद्र कुमार व सीआइए की टीम भी वारदात स्थल व अस्पताल में पहुंची। पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की, परंतु कहीं भी पता नहीं लग पाया। गुरुग्राम में भर्ती ललित व दीपक की हालत गंभीर बनी हुई है।
हमले के मामले में तीन नामजद
गोली मारने के मामले में तीन युवकों को नामजद किया गया है। सदर थाना पुलिस ने अशोक की शिकायत पर गांव बसई निवासी हरिओम, गुरुग्राम के सेक्टर-9 की देवीलाल कालोनी निवासी अमित व गांव भूड़का निवासी पवन के खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। हरिओम व ललित के परिवार में लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। रंजिश में गांव बसई के ही दो लोगों की हत्या भी हो चुकी है। रंजिश के चलते ही बुधवार की रात को यह हमला हुआ।
गोली चलने की सूचना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। अशोक की शिकायत पर गुरुग्राम के तीन युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है। -रविंद्र कुमार, एसएचओ सदर थाना।