रिटायर हवलदार ने साले व भांजे पर चलाईं गोलियां
- फोटो : अमर उजाला
लांडरां-सोहाना रोड स्थित पंजाबी ढाबे पर मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पंजाब पुलिस के रिटायर्ड हवलदार ने पुराने विवाद में अपने साले और भांजे पर पांच राउंड फायरिंग कर दी। इसमें दोनों गंभीर रूप घायल हो गए। इस बीच बचाव में एक गोली आरोपी के भी लग गई है। गंभीर हालत में तीनों घायलों को पुलिस ने सोहाना के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायलों में ढाबे का मालिक त्रिलोक सिंह व उसका भांजा हरप्रीत सिंह उर्फ हन्नी और आरोपी करतार सिंह निवासी फेज-11 शामिल हैं। पुलिस ने करतार सिंह पर आईपीसी की धारा-307 के केस दर्ज दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार सुबह 9.50 बजे की है। ढाबा मालिक तिरलोक सिंह व उसका भांजा हरप्रीत सिंह उर्फ हन्नी ढाबे पर मौजूद थे। ढाबे में खाना तैयार किया जा रहा था। इस दौरान वहां पर करतार सिंह पहुंच गया था। इसके बाद उसने वहां पर मौजूद दोनों लोगों से बहसबाजी शुरू कर दी। इस दौरान वह इतना भड़क गया कि उसने अपनी रिवॉल्वर निकालकर तिरलोक सिंह पर गोली चला दी।
जब भांजा बचाने लगा तो उस पर भी फायरिंग कर दी। इस बीच नौकर भी इकट्ठे हो गए। उन्होंने आरोपी को काबू कर लिया। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं, मामले के जांच अधिकारी एसपी सिटी परमिंदर सिंह भंडाल ने बताया कि करतार सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत केस दर्ज किया गया है। केस सोहाना थाने में दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों में कोई पुराना विवाद लग रहा है।