अंडर सेक्रेटरी व हेल्थ इंमिग्रेशन विभाग के दस्तावेज जल गए
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सेक्टर-9 स्थित पंजाब मिनी सचिवालय की तीसरी मंजिल पर स्थित अंडर सेक्रट्री ओएसडी व हेल्थ इंमिग्रेशन विभाग में शुक्रवार देर रात संदिग्ध रूप से आग लग गई। जबकि, सूचना पाकर पहुंची फायर विभाग की दो गाड़ियों ने एक घंटे की मसक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान अंडर सेक्रेटरी व हेल्थ इंमिग्रेशन विभाग के दस्तावेज जल गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग में एक कंप्यूटर, प्रिंटर व सीलिंग फैन सहित फर्नीचर और दफ्तर में रखा पुराना सरकारी रिकॉर्ड जल गया। दरअसल, आग इमारत के तीसरी मंजिल पर अंडर सेक्रेट्री ओएसडी हेल्थ-इमिग्रेशन के कमरा नंबर-327 में लगी थी।
प्राप्त जानकारी अनुसार शुक्रवार रात करीब 2.30बजे अचानक इमारत के अंदर से धुआं उठने लगा। इसके बाद ड्यूटी पर गार्ड हरकिरत सिंह ने 2:34 बजे दमकल विभाग को आग की सूचना दी। वहीं, दमकल विभाग के अनुसार प्राथमिक जांच में आग की वजह शार्ट सर्किट आया है। हालांकि, इसकी पुष्टि पूरी जांच के बाद ही किया जा सकता है।