कपड़ा मार्केट स्थित राधे श्याम एंड कंपनी के नाम से प्रसिद्ध एक तीन मंजिला कपडे़ की दुकान में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अचानक आग लग गई।
आग इतनी भीषण थी कि देखते ही रुद्र रूप धारण कर गई। दुकान मालिक से जानकारी मिलने के करीब पौने घंटे बाद फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग भीषण होने से वह इस पर काबू नहीं पा सकी।
करीब दो करोड़ का हुआ नुकसान
फायर बिग्रेड अधिकारियों ने चार अन्य स्थानीय गाड़ियों सहित रामपुरा, फरीदकोट, गिदड़बाहा, थर्मल व एनएएफएल से भी गाड़ियों को बुलाया। पांच स्थानीय व पांच अन्य स्थानों से बुलाई फायर बिग्रेड की गाड़ियों से आग पर काफी हद तक कंट्रोल पाया।
दोपहर करीब 12 बजे पूर्ण रूप से आग पर काबू पाया गया। आग से दो करोड़ रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई गई है। जानकारी मिलने पर जिले के डीसी डा. बंसत गर्ग और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
लोगों से पता चला कि दुकान में आग लगी
दुकान के मालिक राधे श्याम ने बताया कि उन्हें बुधवार सुबह सात बजे सफाई करने आए लोगों से पता चला कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है। उन्होंने वहां पहुंचे कर फायर बिग्रेड को फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। वे खुद जब आफिस गए तो वहां गाड़ी का ड्राइवर नहीं था।
15 मिनट बाद ड्राइवर पहुंचा। उसने जब गाड़ी स्टार्ट करने की कोशिश की तो वह स्टार्ट नहीं हुई। मार्केट के लोगों ने धक्का मारकर उसे स्टार्ट किया। घटनास्थल पर गाड़ी का प्रेशर न बनने से पानी आग तक नहीं पहुंच सका।
आग के रूद्र रूप को देखकर अधिकारियों ने फायर बिग्रेड आफिस से चार अन्य गाड़ियों सहित गिदड़बाहा, कोटकपूरा, रामपुरा फूल, थर्मल और एनएफएल से भी पांच फायर बिग्रेड की गाड़ियों को मौके पर बुला लिया।
डेरा प्रेमियों ने की आग बुझाने में मदद
एनएफएल की फायर बिग्रेड ने सबसे पहले मौके पर पहुंच कर मोर्चा संभाला। कुछ समय बाद अन्य स्थानों से भी फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंच स्थिति पर काबू पाया।
वहीं, दर्जनों की तादाद में मौके पर पहुंचे डेरा प्रेमियों ने आग पर काबू पाने में अहम रोल अदा किया। कपड़ा मार्केट के दुकानदारों का रोष था कि फायर बिग्रेड की लापरवाही से आग बुझाने में देरी हुई अगर समय रहते आग पर काबू पाया जाता तो कुछ हद तक नुकसान होने से बच जाता।
जांच के बाद पता चलेंगे आग के कारण
असिस्टेंट डिविजनल फायर आफिसर बलकार सिंह ने बताया कि आग की जानकारी मिलने पर उन्हें तुरंत फायर बिग्रेड को मौके पर भेज दिया था।
आग के भयानक रूप को देखते हुए स्थानीय आफिस की चार गाड़ियों सहित पांच अन्य गाड़ियों को भी मौके पर बुला लिया था। आग लगने के सही कारणों की जानकारी एक्सपर्ट टीम की ओर से जांच करने के बाद ही पता लग सकेगा।
डीसी डा. बंसत गर्ग ने बताया कि आग के कारणों को पता लगाने को उन्होंने बिजली बोर्ड व निगम के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरों की टीम बना दी है।