पंजाब के मानसा के भलाईके के गांव के किसान बहादुर सिंह पुत्र नाहर सिंह ने शुक्रवार की सुबह अपने खेत में एक वृक्ष से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। किसान को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में थाना झुनीर के थाना मुखी समेत छह सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इसको लेकर किसानों ने थाने समक्ष धरना भी दिया। मौके पर पहुंचे डीएसपी हरमीक सिंह दियोल ने पारिवारिक सदस्यों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
गांव भलाईके के किसान बलविंदर सिंह व बहादुर सिंह दो भाईयों के बीच जमीनी झगड़ा चलता आ रहा था। जिस के संबंध में पुलिस के पास शिकायत पहुंची। शुक्रवार को किसान बहादुर सिंह 40 ने अपने खेत में वृक्ष पर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना के बाद भारतीय किसान यूनियन उगराहा के जिलाध्यक्ष राम सिंह भैणीवाघा की अगुवाई में पारिवारिक सदस्य व गांववासी थाना झुनीर पहुंचे। उन्होंने इसके खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि थाना मुखी कृष्ण कुमार व पारिवारिक सदस्यों द्वारा बहादुर सिंह को परेशान करने को लेकर उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक बहादुर सिंह की पत्नी कर्मजीत कौर ने कहा कि उसके पति की मौत के लिए थाना मुखी व पारिवारिक सदस्य जिम्मेवार हैं।
मौके पर पहुंचे डीएसपी हरमीक सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर मृतक का मां दलीप कौर, भाई बिंदर सिंह एक महिला छिंदर कौर, छिंदर पाल का बेटा सतपाल सिंह व थाना मुखी झुनीर कृष्ण कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और इसकी जांच की जा रही है।