अगर आपका खाता बैंक में है और बैंक की तरफ से आपको फोन कॉल आए, तो सावधान हो जाइए। कयोंकि ये कॉल आपको चूना लगा सकती है। जी हां ऐसा ही कुछ पठानकोट में हुआ। जहां एक कॉल ने ही एक शख्स को चूना लगा दिया।
फोन पर खुद को एसबीआई मैनेजर बताकर हजारों की ठगी करने का एक मामला सामने आया है। मामला शहर के मीरपुर कॉलोनी का है जहां एक व्यक्ति को बैंक के नाम से फेक फोन कॉल करके ठग ने एकाउंट डिटेल ले ली और 35 हजार बैंक खाते से चुरा लिए। ठगी का शिकार पवन शर्मा ने बताया कि उनको एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का मैनेजर बताया और एटीएम कार्ड ब्लॉक होने की झूठी जानकारी दी।
उसने एटीएम को दोबारा चालू करने के लिए एटीएम नंबर और उससे जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी मांगी। इस मामले में लूट से अनजान होने के चलते उन्होंने उक्त व्यक्ति को सारी जानकारी दे दी। इसके कुछ देर बाद उनके खाते से तीन ट्रांजेक्शन द्वारा 35 हजार की राशि निकलने का मैसेज उन्हें मिला। जिसके बाद उन्होनें बैंक से संपर्क किया और उन्हें अपने लुटने का एहसास हुआ। उन्होंने कहा कि इस बारे में शिकायत उन्होंने थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस को दे दी है।