रेलवे बोर्ड के ग्रुप डी में कर्मचारियों की भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हो गया। घटना हरियाणा के रोहतक की है। गुप्तचर विभाग की टीम और रोहतक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पेपर लीक करने के आरोपी दो युवकों को आसन गांव से गिरफ्तार किया गया है।
इनके कब्जे से आंसर-की समेत कई संदिग्ध चीजें भी बरामद की गई हैं। दोनों के पास पेपर शुरू होने से करीब पौना घंटे पहले ही आंसर की पहुंच गई थी। आंसर-की को उन्होंने करीब 30 लड़कों तक इंटरनेट के जरिए पहुंचा दिया था। पेपर हल कर आंसर-की पहुंचाने का सौदा प्रति कैंडीडेट दो लाख रुपये में तय किया गया था और कुछ पैसा एडवांस भी लिया गया।
देर रात तक पुलिस की जांच चलती रही। रविवार को रेलवे बोर्ड की ओर से ग्रुप डी में कर्मचारियों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा ली गई। देशभर में सेंटर बनाए गए। गुप्तचर विभाग की स्पेशल ब्रांच रोहतक रेंज प्रभारी को सूचना मिली कि पेपर लीक करने का खेल रोहतक में भी चल रहा है।
कुछ संदिग्धों से गुप्त जानकारी जुटाई गई। दो युवकों के नाम सामने आए तो पुलिस ने उनकी लोकेशन का पता किया। गुप्तचर शाखा प्रभारी ने रोहतक पुलिस की सीआईए-2 की टीम के साथ रविवार सुबह साढ़े 10 बजे दोनों को थाना सदर रोहतक के गांव आसन से काबू कर लिया। मौके पर ही दोनों के कब्जे से आंसर-की भी मिली। दोनों की पहचान विशाल उर्फ मोनू और देवेंद्र के रूप में हुई।