बुधवार देर रात शराब के नशे में डड्डूमाजरा निवासी एक व्यक्ति ने पत्नी का सिर फोड़ दिया। उसके सिर पर 10 टांके आए हैं। वहीं आरोपी ने 15 वर्षीय बेटी से भी मारपीट की, जिससे उसकी आंख के पास गंभीर चोट लगी है। पुलिस ने आरोपी विजय के खिलाफ केस दर्ज कर उसे थाने से ही जमानत दे दी है।
डड्डूमाजरा निवासी विजय प्राइवेट नौकरी करता है। बुधवार को वह देर रात शराब के नशे में घर पहुंचा। इस पर उसकी पत्नी से नोकझोंक हो गई। इससे गुस्साए विजय ने पत्नी संतोष को पीटना शुरू कर दिया। मां से मारपीट होते देख 15 वर्षीय बेटी पूनम ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो विजय ने उसे भी पीटना शुरू कर दिया।
देर रात हंगामा होने पर आसपास के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दे दी। इस पर पीसीआर और मलोया पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और मां बेटी को जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया। वहां संतोष के सिर पर 10 टांके लगाए गए। वहीं पूनम को आंख के पास गंभीर चोट लगी है।
मलोया पुलिस ने पूनम की शिकायत पर उसके पिता विजय के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बेलेबल ऑफेंस होने के कारण उसे थाने से ही जमानत दे दी गई।