जीएमएसएच-16 अस्पताल परिसर के पार्किंग में बुधवार की सुबह नशे में धुत कार सवार युवती ने एक युवक को टक्कर मार दी। इसके बाद टल्ली युवती ने परिसर में जमकर हंगामा भी मचाया। किसी तरह युवती को काबू किया गया जबकि घायल युवक को हास्पिटल में भर्ती करवाया गया।
पुलिस के अनुसार वारदात सुबह करीब 10 बजे अस्पताल परिसर के पार्किंग की है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-45 निवासी एक युवती को मंगलवार देर रात उसकी मां भर्ती करवाकर गई थी। युवती उस वक्त बहुत ही नशे में थी। डाक्टरों ने बताया कि युवती सुबह तक नार्मल होगी। इस दौरान उसकी मां सुबह आने की बात बोलकर चली गई।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह युवती की जागी तो उसका नशा उतरा नहीं था। उसकी कार हास्पिटल की पार्किंग में खड़ी थी। वह चुपचाप अस्पताल से निकलकर अपनी कार में जाकर बैठ गई। कुछ देर बाद वह पार्किंग से कार निकालने लगी।
इसी दौरान युवती ने पार्किंग के बाहर खड़े सुनील नाम के युवक को टक्कर मार दी। सूचना पाकर पहुंची जीएमएसएच-16 चौकी पुलिस ने घायल को भर्ती करवाया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बाद में दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया।