पंजाब विश्वविद्यालय के तीन छात्र सोमवार देर रात अपनी कार सहित प्लाजा के भीतर ही दाखिल हो गए। युवकों ने जमकर रेश ड्राइविंग की और हुड़दंग मचाया। तीनों छात्रों ने जमकर शोरूमों के आगे बरामदे में कार भगाई।
सूचना मिलने पर मौके पर सेक्टर-17 पुलिस थाना प्रभारी दिलशेर चंदेल और अतिरिक्त थाना प्रभारी मोहिंद्र सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद कार सवार युवकों को रोका।
प्लाजा के भीतर किसी को भी वाहन ले जाने की मंजूरी नहीं है। पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी युवक पीयू के हास्टल नंबर-9 में रहते हैं।
पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ शांति भंग करने का मामला दर्ज किया है। युवकों की पहचान हिसार निवासी करुण गोदारा, दिल्ली निवासी आयुष और जालंधर निवासी कर्मवीर के रूप में हुई है।
सेक्टर-17 पुलिस थाना प्रभारी दिलशेर चंदेल का कहना है कि आरोपी युवक शराब के नशे में थे।