बीए तक पढ़ाई करने के बाद दिल्ली में नौकरी छोड़कर नशे की सप्लाई करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने नशीले कैप्सूलों के साथ काबू किया है। आरोपी हिमाचल का रहने वाला है।
जानकारी देते थाना प्रभारी गुरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक युवक दिल्ली से चार हजार नशीले कैप्सूल की खेप लेकर पंजाब आ रहा है। इस आधार पर एएसआई गुरबचन सिंह के नेतृत्व में चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग पर स्थित गांव जनेतपुर के पास नाकेबंदी की गई।
जिस दौरान एक युवक बस से उतर कर भागने लगा। आरोपी को काबू कर उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें चार हजार नशीले कैप्सूल बरामद हुए। आरोपी ने बताया कि वह यह खेप दिल्ली से लेकर आ रहा था। जो उसने पंजाब व हिमाचल में सप्लाई करनी थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की पहचान अजय कुमार (23) उर्फ मंजू पुत्र मंगत राम निवासी गांव दिनी रहत जैत थाना इंदौरा जिला कांगड़ा, हिमाचल के रुप में हुई है। पुलिस आरोपी को कल अदालत में पेश करेगी।