साहब मेरे बच्चे को बचा लिजिए। दुकानदार उसे नशे की गोलियां देता है। महिला के मुंह से यह बात सुनकर सबके होश उड़ गए। मामला हरियाणा में पानीपत का है।
विज्ञापन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव और सीजेएम परमिंदर कौर ने महादेव कॉलोनी की एक किराना दुकान पर छापा मारकर नशे के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई एक मां की शिकायत पर की गई।
पुलिस दल के साथ महादेव कॉलोनी स्थित किराना की एक दुकान पर दबिश दी। दुकानदार को बच्चे को प्लास्टिक व जूते चिपकाने वाली ट्यूब देते रंगे हाथों दबोच लिया। पुलिस ने दुकान की तलाशी ली और दुकान से उसी तरह का अन्य सामान बरामद किया।
विज्ञापन
मां की सजगता से हुआ कारोबार का खुलासा
किराना की दुकान में जूता चिपकाने वाली ट्यूब से नशे की लत का खुलासा एक मां की वजह से हुआ। महादेव कॉलोनी निवासी एक महिला ने सीजेएम को शिकायत दी और उसके आठ-नौ साल के बच्चे को नशे की लत पड़ने की जानकारी दी। सीजेएम ने बच्चे को दस रुपये दिए और दुकान पर भेज दिया। यहां पर बच्चे ने दुकान से एक ट्यूब ली और फिर दूसरी दुकान पर पहुंच गया। दूसरे दुकानदार ने ट्यूब देने से इनकार कर दिया। इसी तरह से सीजेएम की अगुवाई में पुलिस को ऐसे मामले में बड़ी सफलता मिली।
कॉलोनी के कई बच्चों को नशे की लत शिकायतकर्ता महिला का लड़का इस तरह के नशे की लत का अकेला नहीं है, बल्कि कॉलोनी के काफी बच्चों को यह लत लगी है। बच्चे ने सीजेएम परमिंदर कौर को बताया कि उनका चार-पांच बच्चों का एक ग्रुप है और वे ट्यूब के सहारे नशा करते हैं। इसके अलावा भी कॉलोनी के कई बच्चे इस तरह का नशा करते हैं।
ट्यूब और दूध की थैली से नशा
वे दुकान से कापी किताब या प्लास्टिक का सामान चिपकाने वाली ट्यूब ले जाते हैं। यह आठ रुपये की मिल जाती है। वे दूध की खाली थैली को तलाश लेते हैं और ट्यूब को दूध की खाली थैली में डालकर रगड़ देते हैं। फिर उसको सूंघ लेते हैं। उसके सूंघने से नशा हो जाता है। नोट: जैसा की बच्चे ने अपनी मां और सीजेएम परमिंदर कौर को बताया।
दुकानदार ने कहा, पुलिस को बताने वाला था दुकानदार प्रदीप ने बताया कि वह गुड़मंडी स्थित थोक की एक दुकान से चिपकाने वाली ट्यूब लेकर आता है। वह एक पैकेट ही लेकर आया था। उसको पहले लगा कि बच्चे इसको कापी या किताब चिपकाने के रूप में प्रयुक्त करते हैं, लेकिन उसको बाद इसकी जानकारी लगी। वह खुद भी पुलिस को इसकी सूचना देने वाला था। इससे पहले उसको पकड़ लिया गया।
प्रदीप ने खुद पकड़े जाने पर दूसरे दुकानदार की भी पोल खोल दी। उसने बताया कि दूसरा दुकानदार भी यह ट्यूब बेचता है और बाकी की दुकानों पर भी आमतौर पर मिल जाती हैं। किराना की दुकान में नशे के लिए इस्तेमाल में लाई जाने वाली चिपकाने वाली ट्यूब पाकर हर कोई दंग रह गया। कुछ ही देर में कॉलोनी के बच्चे तो क्या महिला और पुरुष भी पहुंच गए। हर किसी को इस तरह से नशा करने की बात सुनकर हैरानी हो रही थी। राजपाल और संतरो ने बताया कि उनको तो पता ही नहीं था कि बच्चे इस तरह से भी नशा कर सकते हैं। वे तो यह सब देख व सुनकर अवाक रह गए।
महादेव कॉलोनी निवासी एक महिला ने अपने छोटे बच्चे को नशे की लत पड़ने की शिकायत दी थी। वे चाहती तो बच्चे को नशा मुक्ति केंद्र में रखकर सकती थी, लेकिन दूसरे बच्चों के हित को देखते हुए नशा फैलाने वालों को पकड़ना जरूरी था। उन्होंने पुलिस के साथ महादेव कॉलोनी की एक किराना दुकान पर छापा मारा और यहां से चिपकाने वाली ट्यूब को बरामद किया है। बच्चे इसी को नशे के रूप में प्रयुक्त करते थे। पुलिस को आरोपी सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई पुलिस करेगी। - परमिंदर कौर, सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण पानीपत
पुलिस को विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सूचना मिली थी और वे उनके साथ महादेव कॉलोनी स्थित एक किराना दुकान पर पहुंचे। यहां पर दुकानदार को नशे में प्रयुक्त ट्यूब को देते रंगे हाथों काबू किया है। आरोपी दुकानदार प्रदीप को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। - मुकेश कुमार सब-इंस्पेक्टर, जांच अधिकारी, थाना शहर