लोकसभा चुनावों के मद्देनजर शहर में फ्लाइंग स्क्वॉयड द्वारा की गई चेकिंग के दौरान एक एनआरआई डाक्टर से ग्यारह लाख डॉलर बरामद हुए।
होशियारपुर निवासी डॉ. संदीप कुमार जिस कार में बैठे थे, उसे यूपी निवासी ड्राइवर चला रहा था। ड्राइवर के पास यूपी का ड्राइविंग लाइसेंस था।
फ्लाइंग स्क्वॉयड-2 की टीम शुक्रवार को नई एसी फल एवं संब्जी मंडी के पास नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान चंडीगढ़ से आ रही यूपी के नंबर वाली मारुति कार को रोका गया। टीम ने जब कार की जांच की, तो उससे करीब 11 लाख की कीमत वाले डॉलर बरामद हुए।
इसमें 16450 यूएस डालर और 6186 सउदी अरब की करंसी बरामद हुई। यह धनराशि एनआरआई डॉ. संदीप कुमार की थी। जब टीम ने इन्हें इस रकम के बारे में दस्तावेज मांगे, तो वह मौके पर नहीं दिखा सके।
टीम ने रकम को कब्जे में लेकर आयकर विभाग के अधिकारी को मौके पर बुलाया। आयकर अधिकारी ने रकम को कब्जे में लेकर पुलिस थाने में जमा करा दी और एनआरआई डाक्टर को दस्तावेज दिखाकर रकम वापस ले जाने को कह दिया।
डा. संदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने मोहाली में एक फ्लैट खरीदा है, जिसके लिए यह रकम जमा करवाने जा रहे थे। जिस मारुति कार में वह यह रकम जमा कराने जा रहे थे उसका चालक भी कंपनी में कार्यरत है।