पुरानी दिल्ली से निवासी और मानसिक रूप से परेशान एक युवती शुक्रवार देर रात सेक्टर-36 में मिली। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। शनिवार को परिजन सिटी पहुंचे और उसकी तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए उसे साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-36 की मजार के पास शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे एक युवती के सड़क किनारे बेहोशी की हालत में होने की सूचना मिली। इस पर पीसीआर और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवती की हालत खराब होने पर उसे जीएमएसएच-16 पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के दौरान पुलिस ने उसके पास से मिले दस्तावेजों और बयान के आधार पर उसकी पहचान शिवालिक विहार, पुष्पक सोसाइटी पुरानी दिल्ली निवासी के तौर पर की। युवती से परिजनों का नंबर मिलने के बाद पुलिस ने देर रात ही उन्हें सूचना दी।
परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी कुछ समय से मानसिक तौर पर बीमार है। वह पहले भी बिना बताए घर से जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिन से वह बेटी की तलाश में जुटे हुए थे। हालांकि उन्होंने वहां पुलिस को इस बारे में कोई सूचना नहीं दी थी।
वहीं युवती पुलिस को यह नहीं बता सकी कि वह चंडीगढ़ कैसे आई और देर रात सेक्टर-36 कैसे पहुंची। थाना पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह युवती के परिजन चंडीगढ़ आए और बयान दर्ज करवाने के बाद उसे लेकर चले गए।