वार्ड नंबर-9 के एक घर में अकेली रहती बुजुर्ग महिला (75) पर एक लुटेरे ने तेज हथियारों से कातिलाना हमला कर दिया। उसने महिला के गले को रेत कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। साथ ही घर से हजारों रुपये की नगदी एवं ज्वेलरी लूट ली। जाते समय महिला को मरा समझकर घर के बाहर ताला लगाकर भाग गया।
महिला को गंभीर हालत में पीजीआई में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस सिलसिले में घायल महिला की बहिन के दामाद हरप्रीत सिंह हैप्पी (25) को बस्सी पठाना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से एक चाकू, स्कूटर एवं पांच हजार रुपये नगदी बरामद की गई है।
बार्ड नंबर 9 में माता शीतला देवी मंदिर के पीछे सायं 4 बजे के करीब वारदात घटी। बुजर्ग महिला ने होश में आने के बाद अपनी बहन को फोन करके वारदात के बारे में बताया। इसके बाद ताले तोड़कर घायल बुजर्ग महिला को अस्पताल में पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचाराधीन महिला की बहन, भानजी ने बताया कि बुजुर्ग महिला सुरिंद्र कौर के पति की मृत्यु हो चुकी है। उसका पुत्र जो कि गाड़ी चलाता है। वह गाड़ी लेकर बाहर गया हुआ है।सुरिंदर कौर गत तीन वर्ष से घर में अकेली रहती है।
उन्होंने बताया कि फोन पर महिला अधिक कुछ नहीं बता सकी। बल्कि केवल इतना ही बताया कि मैं मर गई। उन्होंने बताया कि जब वे कुराली पहुंचे, तो सुरिंद्र कौर अस्पताल में पहुंच चुकी थी। सुरिंद्र कौर के सिर, गर्दन और पेट पर गंभीर वार किए गए हैं।
लुटेरा सुरिंद्र कौर के गले में डाली सोनी की चैन, एक सोने की बाली के अतिरिक्त घर में पड़ी 60-65 हजार रुपये नगद भी लूटकर ले जाने में सफल रहा। उन्होंने बताया कि लुटेरे ने सुरिंद्र कौर को मरी समझ कर घर का बाहर से ताला लगा दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी जगमिंदर सिंह चीमा, सिटी पुलिस के एसएचओ हरपाल सिंह, सदर थाने के एसएचओ पवन कुमार सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
साथ ही सारी स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया है कि महिला के मोबाइल फोन पर अंतिम कॉल आरोपी की आई थी। जिसके आधार पर उसे पकड़ कर पूछताछ की गई।