अंडरब्रिज के पास बोरी में बंद युवक का शव बरामद
- फोटो : amar ujala
अंडरब्रिज के अंदर बनी सीढ़ियों से बोरी में बंद एक किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मामला पंजाब के बठिंडा का है। सहारा जनसेवा के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचित किया। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
वहीं कोतवाली और रेलवे पुलिस किशोर का शव उठाने के बजाय दो घंटे तक आपस में अपने-अपने क्षेत्र को लेकर ही बहस करती रही। आखिर में जीआरपी ने किशोर के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया। थाना जीआरपी के प्रभारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि अंडरब्रिज की सीढ़ियों के पास एक बोरी में किसी व्यक्ति का शव पड़ा है।
उन्होंने बताया कि मृतक किशोर की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी उम्र 16 से 17 साल के बीच लग रही है और वह प्रवासी लगता है। उनका कहना था कि किशोर की मौत के असली कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि अगर रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है तो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले बठिंडा में 21 मई से लेकर अब तक चार पांच बड़ी वारदातें हो चुकी हैं।