कालका में ब्रॉड गेज कालोनी में उस समय सनसनी फैल गई जब रेल लाइन के पास एक व्यक्ति का शव मिला। मामले की जानकारी मिलते ही कालका पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कालका के सरकारी अस्पताल के शव ग्रह में रखवाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शव की शिनाख्त कुराड़ी मोहल्ला निवासी सतीश कुमार (45) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया की मृतक के भाई राजेश कुमार के अनुसार सतीश मानसिक रूप से परेशान रहता था। वह बीमार चल रहा था।
उन्होंने बताया कि सतीश मंगलवार सुबह घर से निकला था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। वहीं मंगलवार देर शाम पुलिस द्वारा उन्हें उसके मृत अवस्था में पड़े मिलने की सुचना मिली। बुधवार को पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया।