कर्फ्यू के बीच घर के लिए राशन का इंतजाम करने निकले डाबा निवासी अंग्रेज सिंह (30) का शव बुधवार की सुबह लोहारा पुल के पास पेड़ से लटकता मिला। सूचना मिलने के बाद थाना डाबा की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या करने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। बताया गया कि अंग्रेज सिंह के खिलाफ थाना डाबा में ही नशा तस्करी का मामला दर्ज है। वह जमानत पर जेल से बाहर चल रहा है। पिछले कुछ दिनों से कर्फ्यू के कारण कोई काम धंधा था नहीं और ऊपर से घर का राशन भी खत्म हो चुका था।
अंग्रेज सिंह पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। मंगलवार की रात को परिजनों को उसने राशन का इंतजाम करने के लिए कहा। वह राशन लेने के लिए घर से निकल पड़ा। पूरी रात वह घर नहीं लौटा। बुधवार की सुबह शव लटकता देख राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। अंग्रेज सिंह के खिलाफ नशा तस्करी के अलावा मारपीट के भी मामले दर्ज थे। अंग्रेज किस बात से परेशान था किसी को कुछ पता नहीं था। उसने इस बारे में किसी को कुछ बताया भी नहीं था। करीब एक साल पहले उसने अपने घर फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। परिजनों के समय पर देखने के कारण वह बच गया था।