कैंबवाला निवासी संजय ने पीसीआर में तैनात कांस्टेबल विक्की से मारपीट कर उसकी वर्दी फाड़कर नेम प्लेट उतार कर फेंक दी। यह घटना उस समय हुई जब कांस्टेबल विक्की कैंबवाला में किसी व्यक्ति के मोबाइल छीनने की सूचना पर अपने साथी कांस्टेबल के साथ वहां जा रहा था।
पीसीआर ड्यूटी में तैनात कांस्टेबल विक्की ने अपनी पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया है कि उसकी ड्यूटी रात आठ बजे से सुबह आठ बजे की थी। रात करीब 9.15 बजे उसको सूचना मिली कि गांव कैंबवाला में किसी व्यक्ति का मोबाइल किसी दूसरे ने ले लिया है और वापस नहीं कर रहा।
विक्की ने अपनी शिकायत में बताया है कि जब वह अपने साथी के साथ कैंबवाला पहुंचे तो वहां किरपाल नाम का लड़का मिला। जिसने बताया कि उसका मोबाइल आरोपी संजय नामक व्यक्ति ने लिया है।
कांस्टेबल का आरोप है कि जब वह संजय के पास पहुंचा तो वो नशे में धुत था। उसने मोबाइल की चर्चा की तो संजय ने अभद्र भाषा में बात की। उसके बाद हाथापाई करने लगा। और वर्दी फाड़ डाली। पुलिस ने विक्की की शिकायत पर थाना सेक्टर-3 में मामला दर्ज कर लिया है।