मोहाली स्कूल एग्जाम में नंबर कम आने पर चंडीगढ़ के एक नामी स्कूल में पढ़ने वाले 9वीं कक्षा के छात्र ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अमरजोत सिंह (15) के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, बच्चे की मौत से परिवार वाले पूरी तरह सदमे हैं।
जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार रात करीब 10.15 बजे की है। उस समय परिवार वाले सेक्टर-66 स्थित दुकान पर थे। इसी बीच डिप्रेशन में चल रहे छात्र ने फंदा लगाकर हत्या कर ली। जब परिवार वाले दुकान बंद करके घर आए तो उन्होंने बच्चे को फंदे से लटके हुए देखा।
इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस शव को उतारकर सिविल अस्पताल ले गई। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
नंबर कम आने पर नहीं कर पा रहा था परिवार का सामना
सूत्रों से पता चला है कि बच्चे के प्री एग्जाम में नंबर काफी कम आए थे। स्कूल की तरफ से पेरेंट्स को इस संबंध में मैसेज भेजे जाते थे। लेकिन नंबर कम आने के बाद उसने पिता के मोबाइल में स्कूल का नंबर ब्लॉक कर दिया था। काफी समय से स्कूल की तरफ से मैसेज न आने पर घरवालों ने उससे पूछा कि मैसेज क्यों नहीं आया है।
इसी बीच उसने नंबर एक्टिव कर दिया। जिससे उसकी रिपोर्ट घरवालों को पता चल गई। इसके बाद वह पेरेंट्स का सामना नहीं कर पा रहा था। जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है। जानकारी के मुताबिक, परिवार में उसका एक छोटा भाई है। जबकि माता पिता कास्मेटिक की दुकान चलाते हैं। रिश्तेदारों का कहना है कि वह पढ़ाई में काफी होशियार था। लेकिन, उसके जाने से परिवार पूरी तरह सदमे में आया गया है।
22 जनवरी को मनाया था बर्थडे
जानकारी के मुताबिक, मृतक का 22 जनवरी को जन्मदिन था। परिवार ने बड़े हर्षोउल्लास से उसका जन्मदिन मनाया था। लेकिन बेटे की मौत से परिवार की सारी खुशियां छिन गईं हैं।