रोहतक में सेक्टर दो स्थित नांदल फार्म हाउस में नेपाली छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह एमडीयू के कैंपस स्कूल में 12वीं में पढ़ती थी और रविवार को छुट्टी होने के कारण अपनी मां के पास आई हुई थी।
जिस समय छात्रा ने आत्महत्या की, उस समय उसकी मां उसे कमरे में अकेली छोड़कर फार्म हाउस में काम करने गई थी। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नेपाल के रूपसे जिले की रहने वाली सीमा पिछले पांच महीने से सेक्टर दो के नांदल फार्म हाउस में काम करती है। उसे रहने के लिए फार्म हाउस के अंदर ही अलग से कमरा दिया हुआ है। सीमा का पति अर्जुन जींद में रहता है, जबकि उसकी बेटी मनीषा यूनिवर्सिटी कैंपस स्कूल में 12वीं में पढ़ रही थी और कैंपस में ही रहती थी।
मनीषा रविवार को छुट्टी के कारण अपनी मां के पास आयी हुई थी। उसकी मां शाम के समय उसे कमरे में अकेली छोड़कर फार्म हाउस में काम करने के लिए चली गई। कुछ देर बाद ही वापस आकर देखा तो मनीषा का शव लटका हुआ है। उसने पंखे से चुनरी का फंदा बनाकर फांसी लगाई हुई थी।
महिला ने फार्म हाउस में अपने मालिकों को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच अधिकारी एसआई गोवर्धन ने बताया कि परिजनों से बात करने पर आत्महत्या का कोई कारण अभी तक सामने नहीं आया है। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था, लेकिन कुछ पता नहीं लग सका। पुलिस ने मामला इत्तेफाकिया में दर्ज किया है।