वाट्सऐप की ताकत अब पंजाब पुलिस भी समझ चुकी है। चोरी हुए बच्चे की फोटो वाट्सऐप पर डालते ही वायरल हो गई, नतीजा बच्चा भी मिल गया और आरोपी भी। कहानी फिल्मी नहीं, बुधवार को पंजाब के अमृतसर की सच्ची घटना है।
अमृतसर के श्री दरबार साहिब में माथा टेकने आए कोमल कुमार व सपना के तीन माह के बेटे को एक महिला उठाकर फरार हो गई। महिला की बच्चे के परिजनों से पहचान हो गई थी। वह बच्चे को महिला के पास छोड़कर लंगर खाने के लिए चले गए। जब वह वापस आए तो बच्चे और महिला को गायब देख उनके होश उड़ गए।
बच्चे के गुम होने की सूचना परिजनों ने थाना कोतवाली अमृतसर की पुलिस को दी। जब तक पुलिस कुछ कर पाती महिला ट्रेन के जरिए लुधियाना निकल गई। इसी दौरान लोगों को वाट्स ऐप पर महिला की फोटो पहुंचने लगी। एक व्यक्ति ने फोटो देखकर महिला को पहचान लिया और इसकी जानकारी थाना कोतवाली की पुलिस को दी।