चेन स्नैचर्स के लालच ने बुजुर्ग महिला की जिंदगी छीन ली। दरअसल, बाइक पर बेटे संग जा रही महिला को स्नैचर्स ने बाली खींचते हुए धक्का दे दिया। वह सड़क पर गिर गई और उसकी मौत हो गई। मामला पंजाब के जालंधर का है।
जालंधर-कपूरथला रोड पर जालंधर कुंज में लुटेरों ने बाइक पर बेटे संग जा रही महिला से बाली लूट ली और महिला को धक्का मार दिया। चलती बाइक से गिरकर महिला की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद बस्ती बावा खेल, लांबदा और मकसूदां थाने में सीमा विवाद हो गया।
अफसरों के आदेश पर मकसूदां पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में डीएसपी रणजीत सिंह रंधावा भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।
मृतका की पहचान सोढल की रहने वाली आज्ञावंती (55) के रूप में हुई है। महिला के बेटे चंदर ने बताया कि वह मां के साथ जालंधर कुंज की तरफ से आ रहा था। रास्ते में बाइक सवार दो लुटेरों ने बाली छीनने की कोशिश की। इस दौरान मां बाइक से नीचे गिरी और उनके सिर पर चोट लग गई।
इलाज के लिए उन्हें प्राइवेट अस्पताल में लेकर गया, जहां मां की मौत हो गई। चंदर ने बताया उसने पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद भी किसी थाने की पुलिस मौके पर नहीं आई। कोई कह रहा कि थाना लांबड़ा पड़ता है तो कोई बस्ती बावा खेल थाना कहता रहा।