यूटी पुलिस ने पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के सीनेटर हरजोध सिंह के खिलाफ मोगा के एक कॉलेज की प्रिंसिपल के अपहरण और यौन उत्पीड़न के मामले में जिला अदालत में चार्जशीट दायर की है। पुलिस ने केस में 11 गवाह बनाए हैं, जिनमें पीयू के वाइस चांसलर और रजिस्ट्रार को भी शामिल किया गया है।
सेक्टर-11 थाना पुलिस ने सीनेटर के खिलाफ 354, 509, 354ए (बाद में जोड़ी गई), 365, 341 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया था। केस की अगली सुनवाई 29 नवंबर को होगी। संभवत: उस दिन उनके खिलाफ आरोप तय हो सकते हैं।
मामला उस वक्त सामने आया था जब पीड़िता ने पीयू के वाइस चांसलर को इस संबंध में पत्र लिखकर कार्रवाई करने की अपील की थी। पंजाब यूनिवर्सिटी से मान्य मोगा के एक कॉलेज में बतौर प्रिंसिपल तैनात पीड़िता ने पीयू सीनेटर और पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में पंजाबी के हेड डॉ. हरजोध सिंह के खिलाफ वीसी को पत्र भेजा था।
मामले को इस तरह के मामलों की खास सुनवाई के लिए बनी पंजाब यूनिवर्सिटी यौन उत्पीड़न रोकथाम कमेटी (पीयू-कैश) के पास भेजने के बजाय वीसी ने इस पर कार्रवाई के लिए अपने पास रख लिया।