रिश्वत लेने के आरोप में पिछले साल दिसंबर में यूटी पुलिस के एसआई (निलंबित) सेवक सिंह के खिलाफ बुधवार को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने आरोप तय कर दिए। केस का ट्रायल 22 दिसंबर से शुरू होगा। जांच एजेंसी ने 19 मार्च को उसके खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं के तहत चार्जशीट दायर की थी। मामले के अनुसार 21 दिसंबर, 2016 को सीबीआई ने सेक्टर-3 थाने में तैनात एसआई सेवक सिंह को सेक्टर-17 स्थित होटल ताज के पास 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।
आरोप के अनुसार सेक्टर-3 पुलिस थाने में दर्ज एक डीडीआर को एफआईआर में न दर्ज करने की एवज में एसआई ने कैंबवाला, नयागांव निवासी हेमराज से 20 हजार रुपये की डिमांड की थी। उस पर 10 दिन पहले सेक्टर-3 पुलिस स्टेशन में ट्रैस पासिंग की एफआईआर दर्ज हुई थी। एक अन्य मामले में उसके खिलाफ धमकाने की डीडीआर भी दर्ज की गई थी। इसी केस में एसआई सेवक सिंह, आरोपी हेमराज से 20 हजार रुपये की डिमांड कर रहा था। उसका कहना था कि अगर पैसे नहीं दिए तो डीडीआर को एफआईआर में दर्ज कर देगा।
हेमराज ने 18 दिसंबर को सीबीआई में इसकी शिकायत दी। हेमराज और एसआई सेवक सिंह की डील 15 हजार में तय हुई। इसके बाद 21 दिसंबर सुबह 10:30 बजे एसआई और हेमराज की मुलाकात ताज होटल के पास स्लिप रोड पर एक कार में हुई। कार में दोनों के बीच पूरी बातचीत हुई और जैसे ही रुपये पकड़ाए सीबीआई अधिकारियों ने दबोच लिया। वहीं सीबीआई ने जब आरोपी एसआई सेवक सिंह का थाने में बना रूम खंगाला तो उन्हें वहां से 39 बोतल अंग्रेजी शराब और 60 हजार कैश बरामद हुआ था। सीबीआई ने उसे भी जब्त कर लिया था।