चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में बीसीए की पढ़ाई कर रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान अनंत प्रताप सिंह निवासी सहारनपुर (यूपी) के रूप में हुई हैं। वह यहां हॉस्टल में रहता था। मृतक के रिश्तेदार योगेश की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक खिलाफ केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी हैं। मामले की पुष्टि फेज-8/बी चौकी प्रभारी सतविंदर सिंह ने की। उनका कहना है कि मृतक अनंत चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घड़ूआं में बीसीए का छात्र था।
जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार सुबह सवा तीन बजे की हैं, जब मृतक अनंत अपने रिश्तेदार योगेश के साथ बाइक पर सवार होकर फेज-5 की तरफ आ रहा था। रास्ते में योगेश बाथरूम करने के लिए पब्लिक टॉयलेट में रुका जबकि अनंत बाइक के पास खड़ा होकर योगेश का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान, चंडीगढ़ की तरफ से आ रही हुंडई ओरा कार ने बाइक और उसके पास खड़े अनंत को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार की चपेट में आकर अनंत की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी ओर, आरोपी चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं, योगेश ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसने मौके पर पहुंच अनंत को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित करने के बाद अनंत के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह भिजवा दिया। दोपहर बाद अनंत का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।