इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में चोरी, सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर नगर पालिका रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान का शटर उखाड़कर चोर नकदी व लाखों के आभूषण चोर कर ले गए। पीड़ित दुकानदार ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव राजलू भोगीपुर निवासी अजय ने गन्नौर थाना पुलिस को बताया कि वह नगरपालिका रोड पर एएसके इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान चलाते हैं।
वह इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के साथ ही मोबाइल भी बेचते है। वह बुधवार को दशहरा होने के चलते देरी से दुकान पर आए थे। उन्होंने देखा कि दुकान का शटर एक तरफ से उखड़ा हुआ है। सरिया भी वहीं पर पड़ी है। उसने शटर उठाया तो अंदर शीशे के दरवाजे में लगे एसी को उखाड़कर बाहर फेंका गया था। चोर वहां से अंदर घुसे और अंदर से लाखों रुपये के मोबाइल, एलईडी, जूसर-मिक्सर व अन्य सामान के साथ ही 60 हजार रुपये की नकदी भी चोरी कर ले गए। उसने मामले से गन्नौर थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में दिख रहे तीन संदिग्ध
पुलिस जांच में सामने आया है कि दुकान पर तीन युवक पहुंचे थे। शटर उखाड़ने के बाद उनमें से दो युवक अंदर चले गए। उन्होंने अंदर शीशे में लगे विंडो एसी को निकालकर बाहर फेंक दिया। उसके बाद एसी हटाकर वहीं से अंदर गए और चोरी की वारदात को अंजाम देकर भाग गए। उनका एक साथी बाहर खड़ा रहा।