यहां के वार्ड नंबर दस के रौणी मोहल्ले की निवासी सेंट्रल वेयर हाउसिंग की सहायक मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मौके से मिली जानकारी के अनुसार नीलम (45) पुत्री स्वर्गीय राम सरूप निवासी वार्ड नंबर दस रौणी मोहल्ला पंचकूला सेक्टर-4 में स्थित सेंट्रल वेयर हाउस में सहायक मैनेजर तैनात थीं।
मंगलवार शाम साढ़े चार बजे अपनी माता शांति के साथ घर में बैठी चाय पी रही थी। इस दौरान अचानक वह उठकर तीसरी मंजिल पर बने स्टोर कमरे में चली गई। कुछ देर बाद घरवालों ने घर के ऊपर से चीख पुकार की आवाज सुनी।
जब वह ऊपर गए तो कमरे में आग की लपटें उठ रही थीं। परिवार के सदस्यों व पड़ोसियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया व उसको कंबल में लपेट कर गंभीर घायल हालत में सिविल अस्पताल में ले जाया गया। जहां पहुंचने पर डाक्टरों ने उसको मृतक करार दे दिया।
मामले की जांच कर रहे एएसआई गुरबचन सिंह ने बताया कि मृतका की माता व अन्य परिजनों ने बताया कि उसकी उम्र 45 साल थी, लेकिन उसने शादी नहीं करवाई थी।
वह मानसिक तौर पर परेशान भी रहती थी। वह अपनी माता व अपने भाई के परिवार के साथ रहती थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।