आप नेता पर दुष्कर्म का केस दर्ज
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान के श्रीगंगानगर महिला थाने में पंजाब के आम आदमी पार्टी (आप) के नेता कुलदीप कुमार उर्फ दीप कंबोज और तीन अन्य पर दुष्कर्म करने समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है। अन्य आरोपियों में विजय कंबोज, मुस्कान कंबोज और अमन कंबोज शामिल हैं। आरोपी नेता ने भी महिला के खिलाफ शिकायत दी हुई है। इसकी पंजाब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
श्रीगंगानगर के महिला थाने में दी शिकायत में महिला ने बताया था कि गत साल 14 दिसंबर को उसने अपने और अपने परिवार के खिलाफ दर्ज एक फर्जी मामले में मदद लेने के लिए आरोपी से संपर्क किया था। इसके बाद वह उसे अपने साथ ले गया, ताकि मामले को गंभीरता से समझ पाए। इससे बाद वह उसे श्रीगंगानगर के होटल में ले गया जहां पर उसे दुष्कर्म का शिकार बनाया। महिला का आरोप है कि कंबोज ने 10 दिन पहले उसे फिर से अपने कार्यालय अबोहर बुलाया। जहां विजय, मुस्कान और अमन के साथ मिलकर उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी दी। 16 मई को उसने मेडिकल करवाया तो पता चला है कि वह गर्भवती है। जब उसने कंबोज के सामने मुद्दे को उठाया तो उसने उसे अबोहर में बुलाया। जहां पर उसने अपने मित्रों के साथ ही उसे कोल्ड ड्रिंक में कोई चीज पिलाई। जिससे उसका गर्भपात हो गया।
वहीं कंबोज ने कहा कि वह हनी ट्रैप का शिकार हुए हैं। वह पिछले कुछ माह से महिला के संपर्क में था। महिला पैसे वसूल रही थी और जब पैसे देने से इनकार कर दिया तो उसने झूठा मामला दर्ज करवा दिया। फाजिल्का पुलिस का कहना है महिला और कंबोज ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, इस मामले में कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब सरकार ने दुष्कर्म मामले में अगर अपने मंत्री पर कार्रवाई की होती तो कुलदीप सिंह इस तरह का कदम न उठा पाता।