हिसार के उकलाना के गांव बुढ़ाखेड़ा में बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के टैंक में उतरे चार युवकों की जहरीली गैस चढ़ने से मौत होने के मामले में पुलिस ने ठेकेदार जींद निवासी राजेश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में पोस्टमार्टम के बाद चारों शवों का बुधवार दोपहर को गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में जहरीली गैस के कारण मजदूरों की जाना दुखदायी है। ऐसे मामलों में श्रम विभाग द्वारा एसओपी बनाई जानी चाहिए ताकि सीवरेज में सफाई आदि कार्य करने के लिए नीचे उतरने वाले मजदूरों को ऑक्सीजन सिलिंडर या अन्य उपकरण मुहैया करवाए जाएं। अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इसे सुनिश्चित करें। - दुष्यंत चौटाला, डिप्टी सीएम, हरियाणा
अंतिम संस्कार में शामिल हुए मंत्री, 17-17 लाख की मिलेगी मदद
प्रदेश के श्रम एवं रोजगार मंत्री अनूप धानक ने कहा है कि उकलाना के गांव बुड्ढा खेड़ा स्थित एसटीपी में हुए हादसे की विस्तृत जांच की जाएगी और जांच में दोषी पाए गए व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। सरकार व प्रशासन की तरफ से हर संभव मदद की जाएगी। बुधवार को मृतकों के संस्कार के अवसर पर मंत्री अनूप धानक ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि इस घटना की न्यायिक जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त मृतक के परिजनों को श्रम कल्याण बोर्ड से 5-5 लाख, स्वैच्छिक कोटे से एक-एक लाख रुपये और संबंधित एजेंसी द्वारा 11-11 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।