सेक्टर-30 के घर के बाहर से कार चोरी के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उससे चोरी की कार भी बरामद कर ली है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
18-19 मार्च की रात को सेक्टर-30 के मकान नंबर 225-ए के सामने से वह मारूति-800 चोरी कर ले गया था। कार मालिक अनिश कुमार ने बताया कि उनकी मनीमाजरा में केमिस्ट शॉप है। रात को दुकान से लौटकर उन्होंने अपनी कार घर के बाहर खड़ी कर दी थी। अगले दिन सुबह उनकी कार गायब थी।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-एक थाने में एफआईआर दर्ज कर ली। बाद में पुलिस ने जांच के दौरान मनीमाजरा के पास नाका लगाकर एक युवक को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान ललित गोयल के रूप में हुई। ललित हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि जिस समय आरोपी पकड़ा गया, वह उसी कार में सवार था। आरोपी कार को शहर से बाहर ले जाकर बेचने की फिराक में था। बाद में चेक करने पर पता चला कि ये वही कार है, जो सेक्टर-30 से चोरी हुई थी।