ऑटो मार्केट के पास से गुजर रही भाखड़ा नहर में शुक्रवार शाम को एक कार गिर गई। कार में तीन युवक सवार थे। आस-पास मौजूद लोगों ने दो युवकों को तो तुरंत बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक कार के साथ बह गया।
जिसकी तलाश जारी है। तीनों रिश्ते में मामा-भांजा बताए गए हैं। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। दो युवकों को इलाज के लिए टोहाना के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव ठरवी (टोहाना) निवासी शिवकुमार की शनिवार को शादी है। शिव कुमार के भांजे धर्मवीर निवासी गांव नाढ़ौड़ी (भूना) और डैनिश गांव रुपाना (सिरसा) से शादी में शामिल होने के लिए ठरवी आए हुए थे।
शिव कुमार दोपहर को कटिंग करवाने के लिए अपनी आल्टो कार में सवार होकर टोहाना आ रहा था। उसके साथ में उसके भांजे धर्मवीर व डैनिश भी थे। कार जैसे ही ऑटो मार्के ट के समीप भाखड़ा नहर के पास पहुंची, कार का संतुलन बिगड़ गया। जिससे कार भाखड़ा में जा गिरी।
आस-पास में खड़े लोगों ने शिव कुमार और डैनिश को कार के शीशे तोड़कर रस्सियों की मदद से बाहर निकाला। जबकि धर्मवीर कार के साथ ही बहता चला गया। वहां मौजूद लोग शिव कुमार और डैनिश को सामान्य अस्पताल में ले आए। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोर भाखड़ा नहर पर पहुंचे और धर्मवीर की तलाश शुरू कर दी। युवक के डूबने की सूचना गांव ठरवी पहुंची तो गांव में मातम पसर गया। खबर लिखे जाने तक युवक की तलाश जारी थी।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
शहर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि दो युवकों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, तीसरा पानी के तेज बहाव में बह गया है। जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं लगा। युवक की की तलाश के लिए दो गोताखोर प्रयास कर रहे हैं। उम्मीद है कि युवक को जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा।