बच्ची का इस्तेमाल करके एक वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। यह वारदात मनीमाजरा में हुई। यहां एक चोर गिरोह बच्ची को पहरेदार बनाकर गाड़ियों से बैटरियों की चोरी को अंजाम दे रहे थे।
गौरतलब है कि क्षेत्र में कई दिनों से बैटरी चोरी हो रही हैं। शनिवार को भी चोरों ने एक कार से बैटरी उड़ा दी। चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए बच्ची का सहारा लिया हुआ था।
इसका खुलासा एक बच्ची के पकड़ में आने के बाद हुआ है। कई दिन दहाड़े कारों से बैटरी चोरी हो रहीं थीं। शनिवार को भी चोरों ने एक कार को निशाना बना डाला।
पहरेदारी के लिए बच्ची को देते थे 200 रुपये
चोरों को पकड़ने के लिए एनएसी पार्किंग स्थल के कुछ दुकानदारों ने क्षेत्र में घूम रहे लोगों पर नजर रखना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उनकी निगाह में वहां घूम रही आठ साल की बच्ची आ गई। उससे पूछताछ की गई, तो वह दुकानदारों को घुमाने लगी। इसके बाद दुकानदारों ने पुलिस को बुला लिया।
पुलिस ने बच्ची से पूछताछ की तो उसने सब उगल दिया। बच्ची ने पुलिस को बताया कि कई दिनों से कुछ युवक पार्किंग में आते हैं। वे उसे पार्किंग के एंट्री गेट पर खड़ा कर देते हैं।
उसकी जिम्मेदारी पार्किंग में किसी के आने की सूचना उन तक पहुंचाने की होती है। इसके बदले में युवक उसे 200 रुपये देते हैं। चोरी के लिए मासूम को पहरेदार बनाने की जानकारी होने पर पुलिस भी चौंक गई। हालांकि, वह बच्ची उसे रुपये देने वाले युवकों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे सकी।
इस बार इंडिका से चुराई बैटरी
चोरों ने शनिवार को भी एक कार से बैटरी चोरी कर ली। गुलजार मोहम्मद की इंडिका कार (एचआर 49ए - 3545) नगला मोहल्ला के गुरुद्वारा साहब के सामने खड़ी थी। यहीं से चोर दिन में कार से बैटरी निकाल ले गए। उन्होंने पुलिस में चोरी की शिकायत दी है।
संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान ओम प्रकाश बुद्धिराजा राजा ने कहा कि एनएसी पार्किंग और आसपास के क्षेत्र में खड़ी गाड़ियों से आए दिन बैटरी चोरी हो रही हैं। बुद्धिराजा, मोरी गेट बाजरा के प्रधान प्रदीप बागरा, संजीव गोयल आदि ने घटना पर रोष व्यक्त किया। इससे पहले शुक्रवार को सौरभ, वीरवार को विजय शर्मा की कार से भी बैटरी चोरी हो गई थी।
बच्ची से पूछताछ की गई है। युवकों के हुलिये की जानकारी लेकर संदिग्ध युवकों पर नजर रखी जा रही है। युवक इंदिरा कॉलोनी के लग रहे है।
जसवीर सिंह, कार्यकारी एसएचओ, मनीमाजरा