भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) करनाल के जनरल मैनेजर (जीएम) चंद्र हास को सीबीआई ने स्पेशल ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। अदालत ने जनरल मैनेजर को एक दिन के रिमांड पर भेजा है।
जीएम मैनेजर पर आरोप है कि उसने अपने जूनियर यशपाल के खिलाफ फिर से जांच शुरू कराने की धमकी देते हुए उससे दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी, जबकि एलटीओ यशपाल जांच में निर्दोष पाया गया था।
सीबीआई ने शुक्रवार को जीएम चंद्र हास के निवास पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया था। दूसरी तरफ आरोपी जनरल मैनेजर चंद्र हास ने खुद पर लगे रिश्वत के आरोपों को झूठा बताते हुए साजिश के तहत फंसाए जाने की बात कही। सीबीआई की टीम ने जीएम की कोठी पर छापा मारकर बैंक खातों, नकदी एवं आभूषणों के बारे में पूछताछ की थी। पुख्ता सबूत मिलने के बाद सीबीआई ने जरूरी दस्तावेज और लैपटॉप के साथ जीएम को गिरफ्तार किया था।