पाकिस्तानी तस्करों ने सतलुज नदी के रास्ते जलकुंभी के ऊपर हेरोइन और पिस्तौल (चीन निर्मित) रखकर भारतीय तस्करों को भेजी, जिस पर बीएसएफ जवानों की नजर पड़ गई। बीएसएफ जवानों ने नदी से उक्त सामग्री निकाल ली। यह घटना फिरोजपुर से सटे भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय हुसैनीवाला बार्डर के अंतर्गत बीएसएफ की बीओपी साम्मके के पास रविवार की।
बीओपी साम्मेके के पास से सतलुज नदी पाकिस्तान की तरफ से भारत में प्रवेश करती है। यहीं से कई बार हेरोइन व हथियारों की खेप पकड़ी जा चुकी है। बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक बीएसएफ बटालियन-136 के जवान बीओपी साम्मेके के पास गश्त कर रहे थे। इन दिनों नदी उफान पर है। जलकुंभी भी पाक से भारत की तरफ बह कर आ रही है।
बीएसएफ जवानों को पाक की तरफ से भारत में प्रवेश हो रहे नदी में एक जलकुंभी के ऊपर पैकेट और अन्य सामान पड़ा नजर आया। जवानों ने मोटर बोट के जरिए जलकुंभी तक पहुंच उसे अपने कब्जे में लिया। जब उसे खोल कर देखा तो उसमें हेरोइन के तीन पैकेट थे, जिसका वजन तीन किलो और 266 ग्राम है। इसके अलावा .30 बोर का पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद हुई। मालूम हो कि इसी रास्ते से पाक तस्कर हेरोइन और हथियारों की खेप भेजते हैं। बीएसएफ पंजाब बार्डर से जनवरी से लेकर अब तक 339 किलो 63 ग्राम हेरोइन, बीस आधुनिक हथियार, 33 मैगजीन और 324 कारतूस पकड़ चुकी है।