चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग पर बरवाला चौक के पास एक ट्रक की चपेट में आने से तीन साल के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उसकी मां हादसे में बाल बाल बच गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़ फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी मुताबिक, हादसा बुधवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। मध्यप्रदेश से आए कुछ परिवार बरवाला रोड पर झुग्गी झोपड़ियों में रहते हैं जो दिहाड़ी व मोती मालाएं बेचकर अपना गुजारा करते हैं। इनमें से एक फुलवा बाई अपने तीन साल के बेटे काला को गोद में लेकर परिवार के साथ फ्लाईओवर के नीचे हाईवे पार कर रही थी। इस बीच फुलवा चंडीगढ़ की ओर से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई।
वह एक तरफ गिरी, जबकि उसका बच्चा उसकी गोदी से छिटक कर ट्रक के नीचे जा गिरा। बच्चा ट्रक के अगले पहिए के नीचे आ गया। बच्चे की मौके पर मौत हो गई। फुलवा को मामूली चोट आई है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़ फरार हो गया। चार बहन भाइयों में काला सबसे छोटा था। हालांकि, उसे शाल में लपेटकर डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम वीरवार को किया जाएगा।
बाइक की टक्कर से ऑटो चालक की मौत
उधर लालड़ू में अंबाला-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर शाम लालडू बस स्टैंड पर खड़े एक व्यक्ति की बाइक की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी अनुसार, नरिंदर सिंह(40) निवासी बलोपुर चाचा मामराज के साथ मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे चंडीगढ़ जाने के लिए लालडू बस स्टैंड पर खड़ा था। इसी दौरान अंबाला की ओर से आ रहे एक बाइक ने नरिंदर सिंह को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में नरिंदर और बाइक चालक शिवम गौतम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान नरिंदर सिंह की मौत हो गई, जबकि शिवम गौतम का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामराज के बयान पर शिवम गौतम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक नरिंदर सिंह पेशे से ऑटो चालक था।