युवक के साथ दोस्तों ने की शर्मनाक करतूत, जन्मदिन मनाने के बहाने फ्लैट पर ले गए और कुकर्म करने की कोशिश की, उन्होंने वीडियो भी बना लिया। घटना पंजाब के लुधियाना की है। संजय गांधी कालोनी इलाके में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक को उसके दोस्तों ने जन्मदिन के बहाने एक फ्लैट में बुलाया और वहां पर उसके साथ कुकर्म करने की कोशिश की।
आरोपियों ने युवक की अश्लील वीडियो बना ली और उसे धमकियां दी कि वह इस बारे में किसी को न बताए। इतना ही नहीं आरोपियों ने युवक से पांच हजार रुपये की नकदी, मोबाइल फोन भी लूट लिया और भगा दिया। कुछ दिन बाद आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल करना शुरु कर दिया कि वह उन्हें पैसे दे नहीं तो उसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएगी।
इस बीच युवक की वीडियो उसके पड़ोसियों के हाथ लग गई, जो उन्होंने उसकी मां को दिखा दी। मां ने पूछा तो फिर सारी बात का खुलासा हुआ। फिर युवक की मां ने इसकी शिकायत थाना डिविजन सात की पुलिस को दी। पुलिस ने युवक की मां की शिकायत पर संजय गांधी कालोनी निवासी हरविंदर सिंह उर्फ हैप्पी, मनवीश कपूर, राहुल और रिक्की के खिलाफ कुकर्म की कोशिश के साथ साथ लूट का मामला दर्ज किया है।
एक गिरफ्तार और बाकी आरोपी फरार
arrest ludhiana
जांच अधिकारी एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि पीड़ित युवक एक निजी कंपनी में काम करता है। चारों आरोपी पीड़ित के दोस्त हैं। आरोपियों ने 15 अगस्त से पहले पीड़ित युवक को फोन कर कहा कि उन्होंने जन्मदिन पार्टी रखी है, इसलिए वह एलआईजी फ्लैट में पहुंच जाए। पीड़ित युवक आरोपियों के बताए हुए फ्लैट पर पहुंच गया।
जैसे ही वह पहुंचा, आरोपियों ने उसके साथ कुकर्म करने की कोशिश की और इस दौरान वे उसकी अश्लील वीडियो बनाते रहे। उसके बाद आरोपियों ने उससे पांच हजार रुपये की नकदी और फोन लूट लिया। साथ ही किसी को भी बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि आरोपी हरविंदर हैप्पी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी अभी फरार है। आरोपी से पूछताछ कर फरार आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।